LIC Stake Sale : केंद्र सरकार अगले महीने बेच सकती है बीमा कंपनी के शेयर, वित्त मंत्रालय ने शुरू की प्रक्रिया
नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम यानी LIC को लेकर बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। केंद्र सरकार एक बार फिर कंपनी में अपनी हिस्सेदारी कम करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। सूत्रों के मुताबिक सरकार जल्द ही LIC के कुछ शेयर बाजार में उतार सकती है। माना जा रहा है कि इस कदम के जरिए सरकार करीब 10 हजार करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। सूत्रों का कहना है कि केंद्र सरकार LIC में लगभग 2 फीसदी अतिरिक्त हिस्सेदारी बेचने पर विचार कर रही है। इसके लिए वित्त मंत्रालय के स्तर पर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और कई निवेश सलाहकार कंपनियों से बातचीत भी चल रही है।
अगले महीने आ सकती है बड़ी शेयर सेल
रिपोर्ट्स के अनुसार सरकार जून के आखिर या जुलाई की शुरुआत में इस हिस्सेदारी बिक्री को अंजाम दे सकती है। बताया जा रहा है कि शेयरों की बिक्री मुख्य रूप से बड़े संस्थागत निवेशकों यानी Institutional Investors के बीच की जाएगी। अगर यह योजना तय समय पर पूरी होती है, तो यह LIC में सरकार की दूसरी बड़ी हिस्सेदारी बिक्री होगी। इससे पहले भी सरकार कंपनी का IPO ला चुकी है।
निवेश सलाहकार कंपनियों की ली जा रही मदद
सूत्रों के मुताबिक इस संभावित स्टेक सेल को सफल बनाने के लिए सरकार ने कई बड़ी वित्तीय कंपनियों की मदद लेना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि Goldman Sachs, Motilal Oswal, BNP Paribas और IIFL Capital जैसी कंपनियां इस प्रक्रिया में शामिल हो सकती हैं। इन संस्थानों की मदद से सरकार निवेशकों तक पहुंचने और शेयर बिक्री की रणनीति तैयार कर रही है।
LIC में सरकार की हिस्सेदारी अभी कितनी?
शेयर बाजार के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार मार्च 2026 तक LIC में भारत सरकार की हिस्सेदारी 96.5 फीसदी बनी हुई है। SEBI के नियमों के मुताबिक किसी भी सूचीबद्ध कंपनी में न्यूनतम 25 फीसदी सार्वजनिक हिस्सेदारी होना जरूरी है। LIC को इस नियम का पालन करने के लिए मई 2032 तक का समय मिला हुआ है। इसी वजह से माना जा रहा है कि आने वाले वर्षों में सरकार चरणबद्ध तरीके से अपनी हिस्सेदारी कम कर सकती है।
2022 में आया था ऐतिहासिक IPO
गौरतलब है कि मई 2022 में LIC का IPO लॉन्च किया गया था। उस समय सरकार ने कंपनी की 3.5 फीसदी हिस्सेदारी बेची थी। यह भारत के इतिहास का सबसे बड़ा IPO माना गया था। इस शेयर बिक्री के जरिए सरकार ने लगभग 21 हजार करोड़ रुपये जुटाए थे। IPO के दौरान LIC के शेयर का इश्यू प्राइस 949 रुपये रखा गया था। हालांकि लिस्टिंग के बाद शेयर में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला था।
शेयर बाजार में दबाव में दिखा LIC स्टॉक
बुधवार को शेयर बाजार में LIC के शेयरों पर दबाव देखने को मिला। बीएसई पर कंपनी का शेयर 855 रुपये के स्तर पर खुला, लेकिन कारोबार के दौरान इसमें गिरावट आ गई। शेयर दिन के कारोबार में 819 रुपये तक फिसल गया। दोपहर तक इसमें करीब 2.8 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और यह लगभग 831 रुपये के आसपास ट्रेड करता दिखाई दिया।
निवेशकों की नजर सरकार के फैसले पर
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अगर सरकार हिस्सेदारी बिक्री का ऐलान करती है तो इसका असर LIC के शेयरों पर देखने को मिल सकता है। निवेशक अब इस बात पर नजर बनाए हुए हैं कि सरकार शेयर बिक्री कब और किस कीमत पर करती है। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि बाजार और बड़े निवेशक इस स्टेक सेल को किस तरह रिस्पॉन्ड करते हैं।