7 साल के प्यार, धर्म की दीवार और शादी के मंडप में हुए मजाक का दिलचस्प किस्सा फिर चर्चा में

मुंबई: बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान और गौरी खान की लव स्टोरी आज भी इंडस्ट्री की सबसे आइकॉनिक प्रेम कहानियों में गिनी जाती है। अलग धर्म, परिवार की चिंता और समाज के सवालों के बावजूद दोनों ने अपने रिश्ते को मजबूती से निभाया। लेकिन उनकी शादी से जुड़ा एक मजाक आज भी लोगों को हैरान कर देता है। शाहरुख खान ने खुद एक इंटरव्यू में बताया था कि शादी के बाद उन्होंने मजाक में गौरी से कहा था, “बुर्का पहनो, नमाज पढ़ो… आज से तुम्हारा नाम आयशा होगा।” शाहरुख की ये बात सुनते ही गौरी का परिवार कुछ देर के लिए सन्न रह गया था।

1984 में शुरू हुई थी लव स्टोरी

शाहरुख खान और गौरी की पहली मुलाकात साल 1984 में दिल्ली में हुई थी। उस समय शाहरुख करीब 19 साल के थे, जबकि गौरी महज 14 साल की थीं, दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और फिर दोनों ने जिंदगीभर साथ रहने का फैसला कर लिया। हालांकि दोनों अलग-अलग धर्म से थे, इसलिए रिश्ते के सामने कई चुनौतियां भी थीं, करीब 7 साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने 25 अक्टूबर 1991 को शादी कर ली।

शादी के मंडप में किया था मजाक

शाहरुख खान ने अपनी शादी का एक मजेदार किस्सा साझा करते हुए बताया था कि हिंदू रीति-रिवाजों से शादी होने के दौरान लोग आपस में चर्चा कर रहे थे कि शादी के बाद क्या गौरी का धर्म बदल जाएगा? क्या उनका नाम बदला जाएगा?

इसी दौरान शाहरुख ने माहौल हल्का करने के लिए मजाक करने का फैसला किया। उन्होंने गंभीर चेहरा बनाकर गौरी से कहा, “गौरी उठो, बुर्का पहनो, नमाज पढ़ते हैं… आज के बाद तुम घर से बाहर नहीं जाओगी और तुम्हारा नाम आयशा होगा।” शाहरुख के इस मजाक को सुनकर गौरी का परिवार कुछ पल के लिए हैरान रह गया था। बाद में सभी को समझ आया कि वो सिर्फ मजाक कर रहे थे।

धर्म से ऊपर निकला प्यार

शाहरुख और गौरी की कहानी सिर्फ रोमांस नहीं बल्कि भरोसे और समझ की मिसाल भी मानी जाती है, कहा जाता है कि जब गौरी कुछ समय के लिए मुंबई चली गई थीं, तब शाहरुख उन्हें ढूंढने दिल्ली से मुंबई पहुंच गए थे। उस समय उनके पास ज्यादा पैसे भी नहीं थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक शाहरुख ने पैसे जुटाने के लिए अपना कैमरा तक बेच दिया था, संघर्ष के दिनों में गौरी ने भी शाहरुख का पूरा साथ दिया और फिर धीरे-धीरे शाहरुख बॉलीवुड के सबसे बड़े सुपरस्टार बन गए।

आज भी बॉलीवुड का सबसे पसंदीदा कपल

करीब तीन दशक बाद भी शाहरुख और गौरी की जोड़ी को बॉलीवुड का सबसे मजबूत और पसंदीदा कपल माना जाता है। दोनों के रिश्ते को लोग प्यार, सम्मान और समझ की मिसाल के तौर पर देखते हैं।

‘किंग’ फिल्म को लेकर चर्चा में हैं शाहरुख

वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘किंग’ को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में वह एक बार फिर दीपिका पादुकोण के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे।

बताया जा रहा है कि 2023 के बाद करीब 3 साल में यह शाहरुख खान की पहली बड़ी फिल्म होगी, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *